राष्ट्रीय सलाहकार के रूप में संगठन से जुड़ेगा व्यापक प्रशासनिक अनुभव, पंचायत सशक्तीकरण को मिलेगी नई दिशा
नई दिल्ली। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के लिए यह गौरव का विषय है कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री अनुराग पटेल जी का व्यापक प्रशासनिक अनुभव एवं मार्गदर्शन संगठन को राष्ट्रीय सलाहकार के रूप में प्राप्त होगा। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, पंचायतों एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्यदृष्टि तथा नवाचारों से संगठन के पंचायत सशक्तीकरण अभियान को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि अनुराग पटेल का प्रशासनिक अनुभव पंचायत प्रतिनिधियों को बेहतर शासन, पारदर्शिता, जनभागीदारी एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को केवल अधिकारों के प्रति जागरूक करना नहीं, बल्कि उन्हें सक्षम, साक्षर, उत्तरदायी और विकासोन्मुख नेतृत्व के रूप में तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ प्रशासनिक अनुभव और जमीनी पंचायत नेतृत्व के समन्वय से ‘सशक्त संगठन–सशक्त पंचायत–सतत विकास’ के संकल्प को राष्ट्रीय स्तर पर और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री अनुराग पटेल जी से दूरभाष पर हुई वार्ता में उन्होंने संगठन की कार्यशैली, पंचायत सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं संगठन की सक्रिय भूमिका की सराहना की। साथ ही उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को नई दिशा, मार्गदर्शन एवं प्रशासनिक अनुभव का लाभ प्रदान करने का आश्वासन दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि श्री अनुराग पटेल जी जैसे अनुभवी एवं वरिष्ठ प्रशासनिक व्यक्तित्व का मार्गदर्शन संगठन के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उनके अनुभव एवं दृष्टिकोण से पंचायत प्रतिनिधियों के क्षमता-विकास, सुशासन, पारदर्शिता तथा ग्रामीण विकास के प्रयासों को निश्चित रूप से नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनके प्रति हृदय की गहराइयों से आभार एवं अभिनंदन प्रकट करते हैं। संगठन परिवार उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग का सम्मान करते हुए पंचायत सशक्तीकरण के संकल्प को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है
