‘स्त्री शक्ति राष्ट्रीय अभियान’ में प्रदेश अध्यक्ष मनु यादव सहित प्रदेश सचिव निहारिका वर्मा, वर्षा, रिचा कौर, नीलम एवं स्मृति सिंह को मिला गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व
नई दिल्ली। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. एभा पटेल द्वारा संगठन से जुड़ी छह महिला ग्राम प्रधानों का चयन ‘स्त्री शक्ति राष्ट्रीय अभियान’ के लिए किया गया है। यह राष्ट्रीय आयोजन 13 एवं 14 अगस्त को भारत इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
इस राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश अध्यक्ष मनु यादव, प्रदेश सचिव निहारिका वर्मा, वर्षा, रिचा कौर, नीलम एवं स्मृति सिंह ग्रामीण क्षेत्रों में महिला नेतृत्व और पंचायतीराज व्यवस्था का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने चयनित सभी महिला ग्राम प्रधानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल संगठन के लिए ही नहीं, बल्कि ग्रामीण महिला नेतृत्व और पंचायतीराज व्यवस्था के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि गांवों की महिलाएं आज पंचायतों के माध्यम से विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि ‘स्त्री शक्ति राष्ट्रीय अभियान’ महिला जनप्रतिनिधियों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के संकल्प को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन महिला ग्राम प्रधानों को सशक्त, सक्षम और नेतृत्वकारी भूमिका में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
राष्ट्रीय मंच पर छह महिला ग्राम प्रधानों का चयन संगठन के बढ़ते प्रभाव तथा ग्रामीण महिला नेतृत्व की मजबूत होती पहचान का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।
