फिरोजाबाद। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ के निर्देशानुसार संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत गुरुवार को 200 शैय्या स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (ए.एस.एम.सी.), फिरोजाबाद परिसर में व्यापक नशा मुक्ति जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नशे के विरुद्ध जनजागरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम कॉलेज ऑफ नर्सिंग, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, फिरोजाबाद के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) पीकेश कुमार के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। रैली का सफल संयोजन ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की राष्ट्रीय सचिव एवं नर्सिंग ट्यूटर डॉ. अनामिका सिंह ने किया।

रैली में डॉ. अरुशिखा (मनोचिकित्सा विभाग), श्री राजेश मेहरा (नर्सिंग ट्यूटर) तथा श्री रोहित कैन (नर्सिंग विभाग) सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं बी.एससी. नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने हाथों में जनजागरूकता बैनर लेकर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में भ्रमण करते हुए आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा “नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत” का संदेश दिया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए गंभीर चुनौती है, जिससे सामूहिक जागरूकता और जनसहभागिता के माध्यम से ही प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की राष्ट्रीय कोर कमेटी ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में जागरूकता उत्पन्न करने वाले ऐसे अभियान राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने डॉ. अनामिका सिंह एवं समस्त आयोजन टीम को बधाई देते हुए कहा कि “नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता और युवा शक्ति की सक्रिय भूमिका से ही संभव है।ऐसे जागरूकता अभियान विकसित एवं स्वस्थ भारत की मजबूत नींव हैं।”
