लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की प्रदेश सचिव सुश्री नगमा को उत्तर प्रदेश शासन के पंचायतीराज विभाग द्वारा डॉ. राम मनोहर लोहिया पंचायत सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत आयोजित ई-पंचायत स्टेट रिव्यू कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में प्रतिभाग के लिए आधिकारिक आमंत्रण मिला है। इससे संगठन में खुशी का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, प्रमुख सचिव पंचायतीराज की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक में प्रदेश में ई-पंचायत व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, डिजिटल पंचायतों के विस्तार, पंचायत प्रशासन में सूचना प्रौद्योगिकी के बेहतर उपयोग तथा विभिन्न सुधारात्मक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा होगी।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सचिव सुश्री नगमा को राज्य स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में आमंत्रित किया जाना संगठन के लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह पंचायत सशक्तीकरण के क्षेत्र में संगठन की सक्रिय भूमिका और उसके सुझावों को मिली मान्यता का प्रतीक है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सुश्री नगमा बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़े व्यावहारिक सुझाव प्रभावी ढंग से रखेंगी तथा ई-पंचायत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
श्री अवस्थी ने सुश्री नगमा को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के अवसर पंचायत प्रतिनिधियों और संगठन के बीच समन्वय को और मजबूत करेंगे तथा शासन स्तर पर उनकी भागीदारी को नई पहचान देंगे।
