देशभर के 10 शीर्ष पंचायत प्रतिनिधियों को मिलेगा ‘पंचायत रत्न पुरस्कार’, संगठन के स्थापना दिवस पर होगा राष्ट्रीय आयोजन
लखनऊ। ग्रामीण नेतृत्व, नवाचार और उत्कृष्ट पंचायत प्रशासन को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘पंचायत रत्न पुरस्कार-2026’ के लिए पंजीयन प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से बंद कर दी गई है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए आवेदन किया।

ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मान समारोह आगामी अक्टूबर माह में संगठन के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। समारोह में देशभर से चयनित 10 शीर्ष पंचायत प्रतिनिधियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, नवाचार, पारदर्शी प्रशासन, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता, शिक्षा, जल संरक्षण, डिजिटल पंचायत, जनभागीदारी एवं आत्मनिर्भर ग्राम निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘पंचायत रत्न पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने बताया कि पुरस्कार के लिए प्राप्त सभी आवेदनों का मूल्यांकन विशेषज्ञों एवं राष्ट्रीय चयन समिति द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्ता आधारित होगी, जिससे वास्तविक रूप से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पंचायत रत्न पुरस्कार का उद्देश्य केवल सम्मान प्रदान करना नहीं, बल्कि देशभर की पंचायतों में उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को नवाचार, सुशासन और जनसेवा के लिए प्रेरित करना है। यह पहल पंचायतों में प्रतिस्पर्धी एवं विकासोन्मुख वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अक्टूबर में ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के 17वें स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय समारोह में विभिन्न राज्यों के पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, ग्रामीण विकास विशेषज्ञ तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। समारोह के दौरान सम्मानित पंचायत प्रतिनिधियों के नवाचार एवं विकास मॉडल का भी प्रस्तुतीकरण किया जाएगा, ताकि देशभर की ग्राम पंचायतें उनसे प्रेरणा लेकर विकसित एवं आत्मनिर्भर ग्राम निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकें।
