विश्व पेपर बैग दिवस पर प्लास्टिक मुक्त ग्रामों के निर्माण का किया आह्वान
लखनऊ, 12 जुलाई।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने प्रदेश के समस्त ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों एवं आमजन से 12 जुलाई को आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिकाधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया जाए, जिससे प्रदेश की प्रत्येक पंचायत को “हरित पंचायत” के रूप में विकसित किया जा सके।
श्री अवस्थी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी वैश्विक आवश्यकता है। वृक्ष केवल प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु संतुलन एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के आधार भी हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों से अपील की कि पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, अमृत सरोवर, सार्वजनिक स्थल, सड़क किनारे एवं उपलब्ध सामुदायिक भूमि पर स्थानीय प्रजातियों के पौधे रोपित किए जाएं तथा उनके संरक्षण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है।
विश्व पेपर बैग दिवस के अवसर पर श्री अवस्थी ने कहा कि बढ़ता प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। इससे मुक्ति पाने के लिए प्रत्येक नागरिक को कागज़ एवं कपड़े के थैलों के उपयोग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों से प्लास्टिक मुक्त ग्राम अभियान को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने का भी आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि “हरित पंचायत ही समृद्ध पंचायत का आधार है।” यदि प्रत्येक पंचायत वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण को प्राथमिकता दे, तो सतत एवं समावेशी ग्रामीण विकास का लक्ष्य सहजता से प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि 12 जुलाई को प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए, उसके संरक्षण का संकल्प ले तथा पेपर बैग के उपयोग को अपनाकर प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण-अनुकूल ग्रामों के निर्माण में सहभागी बने।
“आइए, एक पौधा लगाएं, एक पेड़ बचाएं और अपनी पंचायत को हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध बनाने का संकल्प लें।”
