“जनसंख्या में संतुलन ही समृद्ध समाज का आधार है”-विवेक अवस्थी
कानपुर, 11 जुलाई। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने देशवासियों से जनसंख्या संतुलन, परिवार कल्याण एवं सतत विकास के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विवेक चन्द्र अवस्थी ने अपने संदेश में कहा कि “जनसंख्या में संतुलन ही समृद्ध समाज का आधार है।” बढ़ती जनसंख्या के साथ उपलब्ध संसाधनों का संतुलित एवं न्यायसंगत उपयोग, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार के अवसर तथा पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित एवं सशक्त परिवार ही सशक्त ग्राम, सशक्त पंचायत और विकसित भारत की नींव हैं। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा जनसंख्या संतुलन के प्रति जागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सभी ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से आह्वान किया कि वे जनसंख्या संतुलन और परिवार कल्याण के प्रति समाज में सकारात्मक जनजागरूकता का अभियान चलाने का संकल्प लें। यही समृद्ध, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
