विकसित भारत–जी राम जी योजना में ग्रामीण हाट निर्माण समेत जल संरक्षण के कार्य शामिल, ग्रामीण उद्यमियों को मिलेगा बिक्री का मंच
गांवों की जरूरतों से जुड़े विकास कार्य हों : विवेक चन्द्र अवस्थी
लखनऊ। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए विकसित भारत–जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण हाट निर्माण को अनुमन्य कार्यों में शामिल किया गया है। जनपद लखीमपुर में आकार ले रहा ग्रामीण हाट किसानों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

ग्रामीण हाट बनने से स्थानीय उत्पादकों को बाजार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थानीय स्तर पर मंच मिलेगा। इससे गांवों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल सकेगी।
योजना में जल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें मिट्टी गली प्लग, भूमिगत बांध, तालाबों का पुनर्जीवन और रिसाव तालाब का निर्माण प्रमुख हैं। मिट्टी गली प्लग से मिट्टी का कटाव रोकने और वर्षा जल के बहाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। भूमिगत बांध भूजल संचयन में सहायक होंगे। वहीं, पुराने तालाबों के पुनर्जीवन से पारंपरिक जलस्रोतों को नया जीवन मिलेगा। रिसाव तालाब वर्षा जल को जमीन में पहुंचाकर भूजल पुनर्भरण में मदद करेंगे।

ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण हाट केवल खरीद-बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि गांवों के आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बन सकता है। इससे स्थानीय उत्पादकों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने हुनर और उत्पादों के लिए बाजार मिलेगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के कार्यों को भी प्राथमिकता से धरातल पर उतारने की जरूरत है। पंचायतों की भागीदारी और प्रभावी क्रियान्वयन से ही गांवों में स्थायी विकास, आर्थिक आत्मनिर्भरता और जल सुरक्षा का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
