कल 24 अक्टूबर को पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान, सुबह सात से शाम छह बजे तक पड़ेंगे वोट
मतदान के बाद होगी मतगणना
राजस्थान। त्रिस्तरीय पंचायतीराज निर्वाचन-2026 के प्रथम चरण के मद्देनजर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए मतदाताओं से निर्भीक, निष्पक्ष और विवेकपूर्ण मतदान की अपील की है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान पंचायत चुनाव प्रभारी प्रियंका तिवारी ने संयुक्त बयान में कहा कि पंचायत चुनाव ग्रामीण विकास, स्थानीय नेतृत्व और जनविश्वास से जुड़ी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। उन्होंने प्रत्याशियों से जनसेवा, पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने मतदाताओं से जाति, धर्म, दबाव, प्रलोभन और व्यक्तिगत द्वेष से ऊपर उठकर योग्य प्रतिनिधि चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और रोजगार जैसी मूलभूत जरूरतों से जुड़ा है। उन्होंने चुनाव परिणाम के बाद सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और प्रत्याशियों से जनादेश का सम्मान करने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रियंका तिवारी ने महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और सभी मतदाताओं से स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायतों में संवेदनशील, कर्मठ और ईमानदार नेतृत्व चुना जाना चाहिए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंच सके।
प्रथम चरण में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, फलोदी, कोटा, नागौर, पाली, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिले शामिल हैं। संगठन ने शांतिपूर्ण मतदान, निर्वाचन नियमों के पालन और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में सहयोग की अपील की है।
