ग्रामीण भारत में गरीबी उन्मूलन और स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर
नई दिल्ली । सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण (LSDG) की थीम-1 ‘गरीबी मुक्त और आजीविका उन्नत गांव’ ग्रामीण भारत में गरीबी के उन्मूलन और प्रत्येक व्यक्ति को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के संकल्प को दर्शाती है। इसका लक्ष्य ऐसे गांवों का निर्माण करना है, जहां कोई परिवार गरीबी और अभाव की चुनौतियों से जूझने को मजबूर न हो तथा प्रत्येक जरूरतमंद को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
थीम-1 के तहत ग्रामीण परिवारों को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिले और उनकी आय के स्थायी स्रोत विकसित हों।
हर परिवार तक पहुंचे विकास का लाभ
गरीबी मुक्त गांव की परिकल्पना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। इसमें कमजोर और वंचित परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना, महिलाओं और युवाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाना तथा स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना शामिल है।
स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमिता, कृषि एवं उससे जुड़े व्यवसायों, कौशल विकास तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
आत्मनिर्भर पंचायतों का निर्माण
एलएसडीजी की यह थीम ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, समावेशी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है। पंचायत स्तर पर जरूरतमंद परिवारों की पहचान, योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से गरीबी उन्मूलन के प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सकता है।
‘गरीबी मुक्त और आजीविका उन्नत गांव’ का मूल उद्देश्य ऐसा ग्रामीण समाज तैयार करना है, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर, हर परिवार को सामाजिक सुरक्षा और हर गांव को समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिले। यही प्रयास आत्मनिर्भर और सुरक्षित पंचायतों के निर्माण की मजबूत नींव बन सकता है।
