बहुउद्देशीय पंचायत भवन से मातृभूमि योजना तक, ग्रामीण विकास को नई दिशा देने की पहल
लखनऊ। ग्राम पंचायतों को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पंचायती राज विभाग द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाएं एवं पहल संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी, पारदर्शिता और विकास कार्यों को गति प्रदान करना है।
बहुउद्देशीय पंचायत भवन, पंचायत स्तर पर विभिन्न जनसुविधाओं को एक स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं मातृभूमि योजना के माध्यम से जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता को ग्रामीण विकास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। पंचायतों को पर्याप्त संसाधन, अधिकार और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराकर ही गांवों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन पंचायतों की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य भी “सशक्त संगठन–सशक्त पंचायत–सतत् विकास” के संकल्प को आगे बढ़ाना है। पंचायतों में योजनाओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित होने से ग्रामीण नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी।
संगठन ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि पंचायत सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए तथा ग्राम पंचायतों को आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि सशक्त पंचायत, आत्मनिर्भर ग्राम और समृद्ध उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को धरातल पर प्रभावी रूप से साकार किया जा सके।
