पंचायत प्रतिनिधियों से संगठन की अपील—बचे हुए समय को गांवों की तस्वीर बदलने, अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने और जनाकांक्षाओं की पूर्ति में लगाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल छह माह बढ़ाए जाने के निर्णय के बाद ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों एवं निवर्तमान ग्राम प्रधानों से एक महत्वपूर्ण अपील की है। श्री अवस्थी ने कहा है कि कार्यकाल में हुई छह माह की वृद्धि को जश्न मनाने या व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में देखने के बजाय इसे गांवों के विकास और जनता की सेवा के लिए मिले अतिरिक्त अवसर के रूप में स्वीकार किया जाना चाहिए।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के लिए यह समय उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और जनविश्वास पर खरा उतरने का है। गांव की जनता ने जिन उम्मीदों और आकांक्षाओं के साथ जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी थी, उनकी पूर्ति करना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत प्रतिनिधि को अपने गांव की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन कर विकास कार्यों की प्राथमिकता निर्धारित करनी चाहिए। जिन गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, आवास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याएं लंबित हैं, उनके समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाने चाहिए। साथ ही अधूरे विकास कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
श्री अवस्थी ने कहा कि पंचायत का कार्यकाल केवल पद पर बने रहने का अवसर नहीं, बल्कि जनसेवा के माध्यम से अपनी पहचान और विश्वसनीयता स्थापित करने का दायित्व है। छह माह का अतिरिक्त समय गांवों की तस्वीर बदलने, ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने और विकास की नई मिसाल कायम करने का अवसर बन सकता है।
उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे राजनीतिक प्रतिस्पर्धा, व्यक्तिगत मतभेद और पद संबंधी चर्चाओं से ऊपर उठकर ग्रामहित को सर्वोपरि रखें। ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए जनता के बीच अपनी सक्रिय उपस्थिति बनाए रखें।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने स्पष्ट किया कि पंचायत प्रतिनिधियों की वास्तविक उपलब्धि कार्यकाल की अवधि नहीं, बल्कि उनके कार्यकाल में गांवों को मिली विकास की दिशा, जनता को मिली सुविधाएं और ग्रामीणों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव है।
